नयी दिल्ली 15 मार्च: पेट्रोल के दाम आज 2 रुपये प्रति लीटर घटा दिए गए हैं. नयी दरें आज मध्यरात्रि से लागू होंगी. यह कटौती पिछले 9 माह में पेट्रोल कीमतों में सबसे बड़ी कटौती है.
पेट्रोल कीमतों में जहां 2 रुपये लीटर की कटौती की गई है, वहीं दूसरी ओर डीजल कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है. पेट्रोल में इस कटौती में स्थानीय बिक्रीकर या वैट शामिल नहीं है. वैट को शामिल करने के बाद दिल्ली में पेट्रोल 2.40 रुपये प्रति लीटर सस्ता हो जाएगा. इस तरह यहां पेट्रोल के दाम घटकर 68.34 रुपये लीटर रह जाएंगे, जो अभी 70.74 रुपये लीटर हैं.
इससे पहले फरवरी के बाद से पेट्रोल कीमतों में दो बार बढ़ोतरी की गई थी. 16 फरवरी को पेट्रोल के दाम 1.50 रुपये लीटर और 2 मार्च को 1.40 रुपये लीटर बढ़ाए गए थे. वैट शामिल होने के बाद यह वृद्धि अधिक रही. अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के मद्देनजर यहां पेट्रोल के दाम घटे हैं.