प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भी दादरी की घटना को दुखद बताये जाने के बाद भी भाजपा नेताओं की बचकानी बयानबाजी रुकने का नाम नहीं ले रही. अब हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने गौमांस पर विवादित बयान दे दिया है। उनका कहना है कि मुस्लिमों को गौमांस खाना छोड़ना होगा तभी वह देश में रह सकते हैं।
इंडियन एक्सप्रेस को दिए इंटरव्यू में खट्टर ने कहा कि गाय देश में आस्था का विषय है। अगर मुस्लिम गौमांस खाना छोड़ देंगे तो देश में रह सकते हैं।
उन्होंने कहा कि गाय, गीता और सरस्वती से देश की बहुसंख्यक आबादी की आस्थाएं जुड़ी हैं और अगर मुस्लिम गौमांस खाना छोड़ देंगे तो उनकी धार्मिक आस्थाएं आहत नहीं हो जाएंगी। मनोहर लाल खट्टर ने कहा, ' मुस्लिम रहेंगे, मगर इस देश में बीफ खाना छोड़ना ही होगा उनको। यहां की मान्यता है गऊ'। खट्टर ने कहा कि पीड़ित ने गाय पर छोटी- सी टिप्पणी की जिससे कि लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हो गईं और ये घटना बाद में हिंसा में बदल गई। हालांकि, इसके बाद उन्होंने यह भी कहा कि हमला करना और किसी को मार देना बहुत ही गलत है।
हालांकि, उन्होंने दादरी घटना को ग़लतफ़हमी का मामला बताया है.
उन्होंने कहा कि दादरी कांड में जो भी दोषी है उनको कानून के तहत सजा मिलनी चाहिए। हम लोकतांत्रिक देश में रहते हैं सबको स्वतंत्रता का अधिकार है लेकिन इसकी भी कुछ सीमाएं हैं। सबको उतनी ही स्वतंत्रता मिली हुई है जिससे की कोई दूसरा शख्स आहत न हो।