गौमांस को लेकर फ़ैल रहे उन्माद और हिंसा का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा. दादरी के बाद अब आगरा से एक सौ किलोमीटर दूर मैनपुरी इलाके से गौकशी की अफवाहों के चलते हिंसा हुई.
नगरिया गांव में कुछ लोगों ने एक घर में घुसकर वहां मौजूद लोगों को गाय की खाल उतारते पकड़ लिया और जबर्दस्त विरोध प्रदर्शन किया तथा मौके पर पहुंची पुलिस पर पथराव, आगजनी तथा फायरिंग की। हालांकि इसमें कोई घायल नहीं हुआ। इस बीच, प्रदेश के अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) दलजीत चौधरी ने लखनऊ में संवाददाताओं को बताया कि करहल थाने पर किसी ने पूर्वान करीब 10 बजे फोन कर नगरिया गांव में कुछ लोगों द्वारा गाय काटे जाने की सूचना दी थी।
उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने रफीक तथा लाला नामक व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया। मौके से बरामद गाय की जांच करने पर पता लगा कि उसे काटा नहीं गया था। सम्भवत: वह कुदरती मौत मरी थी और उसके बाद उसकी खाल उतार ली गयी थी। गाय के पोस्टमार्टम के बाद स्थिति बिल्कुल साफ हो सकेगी। चौधरी ने बताया कि घटना से नाराज लोगों ने पुलिस पर पथराव किया और एक पुलिस जीप समेत कई गाडि़यों तथा दुकानों के फर्नीचर को आग लगा दी। इस मामले में 20 लोग गिरफ्तार किये गये हैं।
उन्होंने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। इलाके में एक कंपनी पीएसी तथा फिरोजाबाद, इटावा और एटा से मंगाया गया अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।