जम्मू - जम्मू एवं कश्मीर विधानसभा में गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ। एमएलए होस्टल में बीफ पार्टी आयोजित करने वाले निर्दलीय विधायक इंजीनियर राशिद से नाराज भाजपा विधायकों की गुरुवार को उनसे मारपीट हो गई। एक भाजपा विधायक ने राशिद को थप्पड़ भी मार दिया। यह सब सदन की कार्रवाई के दौरान हुआ। इस मारपीट को रोकने और बीच-बचाव करने के लिए मार्शल बीच में आए, लेकिन काफी देर तक हंगामा जारी रहा। थप्पड़ मारने वाले भाजपा विधायक रवींद्र रैना हैं।
राशिद ने बुधवार को विधायक होस्टल में बीफ पार्टी आयोजित की थी। इसका काफी विरोध भी किया गया था। यहां तक कि रवींद्र रैना और कुछ भाजपा नेताओं ने होस्टल जाकर विरोध भी दर्ज कराया था। विधानभवन में निर्दलीय विधायक के साथ हुए दुर्व्यवहार के विरोध में नेशनल कान्फ्रेंस के विधायकों वाकआउट कर दिया। विधानसभा अध्यक्ष कविंद्र गुप्ता ने होस्टल के मैनेजर और असिस्टेंट मैनेजर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था।
भाजपा, कांग्रेस और पैंथर्स पार्टी ने इस मामले में विधायक राशिद और शामिल अन्य लोगों को तत्काल गिरफ्तार कर माहौल खराब करने की साजिश रचने के लिए कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। उधर, जम्मू-कश्मीर विधानसभा में हुई मारपीट और हंगामे के बाद अब राजनीति भी तेज हो गई है। उधर, जम्मू-कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी ने राज्य सरकार पर निर्दलीय विधायक शेख अब्दुल राशिद को गोमांस की दावत देने में मदद करने का आरोप लगाते हुए राशिद के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करके तुरंत उनकी गिरफ्तारी की मांग की है।
पैंथर्स पार्टी के अध्यक्ष पूर्व मंत्री हर्षदेव ने साथ ही कहा कि भाजपा विधायकों ने विधानसभा में राशिद की गिरफ्तारी और उन्हें अयोग्य ठहराने का दबाव बनाने की बजाय बेवजह की धींगामुश्ती का नाटक किया है।