ग्रेटर नोएडा - दादरी मामले को लेकर राजनीति करने का सिलसिला नहीं थम रहा है। गोमांस की अफवाह में अखलाक के मर्डर के बाद कई मंत्री और नेता बिसाहड़ा गांव का दौरा कर बयानबाजी कर चुके हैं। बुधवार को वीएचपी से जुड़ीं साध्वी प्राची बिना परमिशन बिसाहड़ा पहुंच गईं। धारा 144 लागू होने और बिना इजाजत बिसाहड़ा पहुंचने पर पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। बाद में पुलिस ने उन्हें दादरी के बाहर छोड़ दिया।
इस दौरान साध्वी को हिरासत में लेने के विरोध में उनके समर्थकों ने डिस्ट्रिक्ट एडमिनिस्ट्रेशन के खिलाफ नारेबाजी की। साध्वी ने आजम खां पर दादरी मामले को लेकर हिंदुओं के खिलाफ साजिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश की इमेज खराब करने के लिए आजम ने एक करोड़ रुपए लिए हैं। साध्वी ने दूसरे नेताओं पर सवाल खड़े किए हैं। अगर हैदराबाद से ओवैसी आ सकते हैं, दिल्ली से राहुल गांधी आ सकते हैं, तो मैं क्यों नहीं? साध्वी ने कहा कि हमारे हिंदू भाइयों को पुलिस ने फर्जी मामलों में फंसाया है।