देहरादून - उत्तराखंड में पौडी गढ़वाल जिला के कोटेश्वर गांव में अलकनंदा नदी में डूबे दो छात्रों के शव बरामद कर लिए गए हैं। सूत्रों ने बताया कि पौडी गढ़वाल जिला में श्रीनगर स्थित राजकीय मेडिकल कालेज के दो छात्र गत शुक्रवार को सुपाना पुल के समीप अलकनंदा नदी में डूब गए थे। मृतकों के शव की लगातार खोजबीन की जा रही थी। अंतत: मुनि की रेती से बुलाए गए गोताखोरों ने अथक प्रयास के बाद दोनों के शव रविवार को बरामद कर लिए गए। मृतकों की पहचान अंकित पवार (24) और मनप्रीत (24) के रूप में की गई है।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिए है। स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक पिछले पांच वर्षों के दौरान अब तक करीब 33 लोगों की अलकनंदा नदी में डूब जाने से मौत हो चुकी है। बढ़ते हादसों का एक यह भी कारण माना जा रहा है कि जल विद्युत परियोजना के लिए पानी का बहाव रोक दिए जाने से कोटेश्वर से नैथाना तक का क्षेत्र दलदली बन गया है, जिससे नदी में नहाने वाले लोगों को वस्तुस्थिति का पता नहीं चल पाता। कुछ माह पहले भी श्रीकोट के निकट दो छात्रों की दलदल में फंसकर मौत हो गई थी।