श्रीनगर - जम्मू-कश्मीर में सीमावर्ती जिला कुपवाड़ा में सोमवार को दो स्थानों पर सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ में चार जवान शहीद हो गए। मुठभेड़ में एक आतंकवादी भी मारा गया। रक्षा मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने बताया कि कुपवाड़ा के लोलाब इलाके के जंगल में सुरक्षा बल के गश्ती दल के साथ मुठभेड़ में तीन जवान शहीद हुए हैं तथा एक जवान घायल हो गया। घायल जवान की भी बाद में अस्पताल में मौत हो गई।
उन्होंने कहा कि हमें पूर्ण रूप से जानकारी नहीं है कि जंगली इलाके में कितने आतंकवादी छिपे हुए हैं। मौके पर पहुंचे अतिरिक्त बलों ने इलाके को घेर लिया था तथा आतंकवादियों के भागने के किसी भी प्रयास को सफल नहीं होने देने का प्रयास किया जा रहा था। चार शहीद जवानों में से तीन की पहचान सिपाही सुरेंद्र और बूटा सत्यम तथा लांसनायक गुरुदेव सिंह के रूप में की गई है। प्रवक्ता के मुताबिक कुपवाड़ा जिला में ही तिलपथेरन हाफदू के जंगल में आतंकवादियों के खिलाफ एक अभियान के दौरान सुरक्षा बलों से मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया।