वड़ोदरा - गुजरात में बीजेपी के नेता की एक फोटो व्हाट्सऐप पर वायरल हो गई है। फोटो में बीजेपी की वडोदरा जिला यूनिट के प्रेजिडेंट सतीश पटेल प्लास्टिक की एक बाल्टी में भरे नोट गुजराती के मशहूर सिंगर कीर्तिदान गढ़वी के ऊपर डाल रहे हैं। इस दौरान गढ़वी मंच पर बैठकर गाना गा रहे हैं। यह प्रोग्राम वडोदरा के बाहरी इलाके में 20 सितंबर को आयोजित किया गया था।
इसमें बीजेपी की गुजरात यूनिट के जनरल सेक्रेटरी शब्दशरण ब्रह्मभट्ट समेत पार्टी के कई कार्पोरेटर्ज शामिल हुए थे। सतीश पटेल ने कहा कि इस कार्यक्रम के दौरान जो पैसा इकट्ठा किया गया है, उसका इस्तेमाल गउओं की रक्षा के लिए किया जाएगा। बताया जा रहा है कि जिस प्रोग्राम का फोटो वायरल हुआ है, वह घेर नाम का कल्चरल प्रोग्राम था। गुजरात के सौराष्ट्र इलाके में ऐसे प्रोग्राम आयोजित करने की परंपरा रही है।
कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले लोगों से इकट्ठा पैसे का इस्तेमाल समाज की भलाई के लिए किया जाता है। पटेल ने अपनी सफाई में यह भी कहा है कि बाल्टी में भरे ज्यादातर नोट दस रुपए के थे और कुल रकम तीन लाख रुपए से ज्यादा नहीं थी।