बांका - बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पहली बार बांका पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीएम नीतीश का नाम लिए बगैर उन्हें बेहद अहंकारी करार दिया और कहा उन पर कोई भरोसा नहीं कर सकता। पीएम मोदी ने नीतीश पर हमला बोलते हुए कहा कि उनका अहंकार ऐसा है कि वह बिहार के लिए घोषित किए गए एक लाख 65 हजार करोड़ के स्पेशल पैकेज को भी शायद लौटा दें।
उन्होंने कहा कि राज्य की किस्मत बदलने और विकास के लिए भाजपा नीत राजग को वोट देने की जरूरत है। श्री मोदी ने कहा कि कुछ लोग बिहार के लिए 1.65 लाख करोड़ के वित्तीय पैकेज की मेरी घोषणा पर सवाल उठा रहे हैं। वे सवाल कर रहे हैं कि यह आएगा या नहीं, बिहार के विकास को हिंदोस्तान के विकास से जोड़ते हुए मोदी ने सवाल किया कि क्या नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार को केंद्र की ओर से दिया गया एक भी रुपया आप तक पहुंचा है।
उन्होंने कहा कि अगर मैं कुछ देता हूं तो अहंकार इतना है कि वे वापस कर देते हैं। मुझे चिंता है कि अगर मैं 1.65 लाख करोड़ रुपए दूंगा, तब भी वे यह घोषणा करेंगे कि उन्हें इस पैसे की कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि इसे मोदी ने दिया है। मुझे इन पर भरोसा नहीं है। लोगों से विकास के नाम पर वोट देने की अपील करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि बिहार भी विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगा, हम आपसे यह वादा करने आए हैं। उन्होंने कहा कि रैली में भीड़ को देखकर स्पष्ट तौर पर समझा जा सकता है कि बिहार में एनडीए की जीत पक्की है।
इस बार बिहार दो दिवाली मनाएगा। एक एनडीए की जीत की और एक त्योहार की। भाजपा नीत राजग के लिए वोट देने की अपील करते हुए मोदी ने कहा कि एक बार निर्णय कर लें, मैं कंधे से कंधा मिलाकर आपके साथ चलूंगा। बिहार में बिजली से जुड़ी समस्याओं का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने एक बार फिर से नीतीश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वादा किया गया था कि बिजली नहीं तो वोट मांगने नहीं आऊंगा। गरीब को बिजली मिली, नहीं मिली। उन्होंने कहा कि बिहार को विशेष पैकेज दिया गया है। यह बिहार का हक है, इसलिए आपको दिया गया, इससे पहले यह काम नहीं किया गया था।