प्रधानमंत्री नरेंदर मोदी के साथ साथ ही विदेश दौरे पर निकले कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी अपने करीब एक हफ्ते के विदेश दौरे के बाद शुक्रवार को भारत वापस लौट गए हैं। राहुल गांधी अपने एस्पेन दौरे के बाद शुक्रवार सुबह दिल्ली स्थिति अपने आवास पर पहुंचे। राहुल गांधी के अचानक विदेश दौरे पर जमकर बवाल हुआ था। भारतीय जनता पार्टी ने राहुल गांधी के विदेश दौरे पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस को आड़े हाथ लिया था। इसके बाद कांग्रेस ने बिना देर किए उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर जारी की थी।
सबसे पहले कांग्रेसी नेता मिलिंद देवड़ा ने राहुल की तस्वीरें ट्विटर पर शेयर की थी जिसमें बताया गया था कि राहुल कोलोराडो के एस्पेन में हैं। देवड़ा ने इस ट्वीट में लिखा था कि राहुल गांधी न्यू मीडिया और अंतरराष्ट्रीय मामलों पर हो रही एक कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लेने के लिए एस्पेन आए हुए हैं। बीजेपी का कहना था कि राहुल जिस कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लेने गए थे, उसे कराने वाली एजेंसी की वेबसाइट पर राहुल का नाम ही नहीं है। कांग्रेस राहुल के दौरे को लेकर लोगों को गुमराह कर रही है। इसके बाद कांग्रेस ने राहुल के विदेश दौरे को उनका निजी दौरा करार दिया था।