नई दिल्ली - दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री और आप विधायक सोमनाथ भारती को सुप्रीम कोर्ट से कोई राहत नहीं मिली। गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट ने उनकी पत्नी लिपिका मित्रा को अदालत में बुलाने का आदेश दिया है। अब सोमवार को लिपिका कोर्ट में पेश होंगी। दिल्ली पुलिस की मांग पर उनका रिमांड तीन दिन के लिए बढ़ा दिया गया है। सोमनाथ के सरेंडर करने के बाद उनकी जमानत समेत इस पूरे मामले में सुनवाई होनी थी।
गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि सोमवार को भारती की पत्नी को अदालत में पेश किया जाए। उनसे पूछा जाएगा कि क्या उन्हें मध्यस्थता की बात मंजूर है। उनकी प्रतिक्रिया के बाद ही अदालत आगे की कार्रवाई करेगी। सोमनाथ को दिल्ली पुलिस रिमांड के दूसरे दिन बुधवार को उनके घर और ससुराल ले गई थी। उनसे उनकी पत्नी का सामना कराया गया और पूछताछ की गई। पुलिस का कहना है कि जो शिकायत लिपिका ने दर्ज कराई है उसमें कई साल पुरानी बातों का जिक्र भी है, जिसकी वजह से सबूत जुटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।