धार्मिक उन्माद का बेलगाम चेहरा उस समय सामने आया जब नोएडा से सटे दादरी में गोमांस खाने के संदेह में अखलाक अहमद नामक व्यक्ति को पीट-पीट कर मार डाला गया। जबकि उनका बेटा अस्पताल में भर्ती है। यह घटना दादरी के बिसराड़ा गांव की है, जहां अफवाह फैली कि गांव में अखलाक का परिवार गोमांस खाता है।
उन्मादी भीड़ द्वारा पीट पीट कर मार डाले गए बेगुनाह अखलाक़ का एक बेटा भारतीय वायु सेना में तैनात है.
इसके बाद गांव की ही गुस्साई भीड़ ने अखलाक के घर धावा बोल दिया। हमले में अखलाक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उनके 22 वर्षीय बेटे को घायल हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में 10 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। अभी तक छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सोशल मीडिया में इस मामले को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार सहित हिंदूवादी संगठनों की जमकर आलोचना भी हो रही है।
इसी बीच समाजवादी पार्टी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पीड़ित परिवार को दस लाख रुपये का मुआवजा देने की बात कही है.