नई दिल्ली - आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक और दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री सोमनाथ भारती सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद सोमवार रात सरेंडर करने द्वारका थाने पहुंचे। इस दौरान उनके साथ उनके वकील भी थे। सोमनाथ ने मीडिया के सवालों का जवाब नहीं दिया। सवाल पूछने पर उन्होंने ‘कांस्टीच्यूशन ऑफ इंडिया’ किताब कैमरे के सामने कर दी। इससे पहले भारती को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा। सुप्रीम कोर्ट ने भारती की एंटीसिपेट्री बेल पिटीशन खारिज करते हुए उन्हें सरेंडर करने को कहा था।
हाईकोर्ट से एंटीसिपेट्री बेल खारिज हो जाने के बाद भारती ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। भारती पर उनकी पत्नी ने मारपीट और कुत्ते से कटवाने के आरोप लगाए हैं। सोमवार को सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि भारती को सोमवार को ही सरेंडर करना होगा। इसके बाद ही मामले की अगली सुनवाई पहली अक्तूबर को होगी। हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत याचिका खारिज हो जाने के बाद सोमनाथ भारती फरार हो गए थे। दिल्ली पुलिस की कई टीमें दिल्ली और आसपास के राज्यों में उन्हें ढूंढ रही थीं।