चाइगांव - करीब 200 लोगों को लेकर जा रही खचाखच भरी एक मशीनी नौका सोमवार को असम के कामरूप जिले में कोलोही नदी में डूब गयी जिसके बाद से अब तक 36 लोग लापता हैं। कामरूप (ग्रामीण) के उपायुक्त विनोद कुमार शेषन ने बताया कि लोगों को कोराईबील से लेकर गुमिफेल्ड जा रही नाव के इंजन ने बीच नदी में काम करना बंद कर दिया और वह पुल के खंभे से टकरा गयी।
टकराने के बाद नाव वहीं पलट गयी। उन्होंने कहा कि नौका दौड़ देखने जा रहे सभी यात्री नाव के पलटने से नदी में गिर गए। ज्यादातर लोग तैरकर सुरक्षित निकलने में कामयाब रहे लेकिन कम से कम 36 लोग लापता हैं। स्थानीय निवासियों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया था और एनडीआरएफ तथा एसडीआरएफ के कर्मी मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी को नहीं बचाया गया है। पुलिस ने बताया कि रात होने के कारण खोज अभियान रोक दिया गया है और उसे सुबह शुरू किया जाएगा।