नई दिल्ली - देश की राजधानी दिल्ली में रविवार को नशे में एक महिला सहित तीन लोग एक इमारत से नीचे गिर गए। इसमें महिला की मौत हो गई, जबकि उसके दोनों पुरूष साथियों को चोटें आई हैं। हादसा दिल्ली के कृष्णा नगर इलाके में हुआ। तीनों लोग एक टेलीकॉम कंपनी में काम करते हैं, जिसका दफ्तर उसी इमारत की चौथी मंजिल पर है, जहां दुर्घटना घटी। जिला पुलिस उपायुक्त प्रेमनाथ ने बताया, पीसीआर को तडक़े 3.50 बजे फोन आया था कि तीन लोग कृष्णा नगर इलाके में एक गली में बेहोश पड़े हुए हैं।
उपायुक्त ने बताया कि घटनास्थल पर पहुंचने के बाद पुलिस को पता चला कि एक महिला और दो पुरूष इमारत से नीचे गिर गए थे। उन्होंने बताया कि महिला की मौत हो चुकी है, जबकि अन्य दो पुरूषों को चोटें आई हैं। महिला की पहचान नागालैंड की लोवीली के रूप में हुई है। वहीं, घायल पुरूषों की पहचान मणिपुर के रॉबर्ट और जैकब के रूप में हुई है। दोनों की उम्र 24 साल है। एम्स के प्रवक्ता अमित गुप्ता ने कहा कि तीनों को तडक़े करीब साढ़े चार बजे अस्पताल लाया गया था। उन्होंने कहा, महिला को अस्पताल पहुंचते के साथ ही मृत घोषित कर दिया गया था। बाकी दोनों लोगों को ट्रॉमा सेंटर आईसीयू में भर्ती कराया गया है।