जमशेदपुर - पटेल समुदाय के लिए आरक्षण की मांग को लेकर मैदान में उतरे नेता हार्दिक पटेल ने शनिवार को ऐलान किया कि वह आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में सीएम नीतीश कुमार का समर्थन करेंगे क्योंकि जद यू नेता उनके समुदाय से संबंध रखते हैं। हार्दिक ने कहा की, कुमार एक अच्छे मुख्यमंत्री हैं और पटेल समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। इसलिए बिहार चुनाव में हम उनका समर्थन करेंगे।
प्रदेश में जनता दल यू, राजद और कांग्रेस के महागठबंधन का मुकाबला भाजपा, लोजपा, आरएलएसपी और हम के गठबंधन से है। जमशेदपुर के कर्म महोत्सव' में हिस्सा लेने आए हार्दिक ने कोटा आंदोलन के बारे में कहा कि वह इस आंदोलन को उसके तार्किक अंत तक ले जाने की कसम खा चुके हैं। आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग के लिए गुजरात सरकार द्वारा घोषित पैकेज के बारे में हार्दिक ने कहा कि जो दिया गया है वह लॉलीपॉप है जबकि उनकी मांग है कि आरक्षण केवल जाति के आधार पर होना चाहिए।