इलाहाबाद - भारतीय जनता पार्टी कार्यालय पर शनिवार वाराणसी के गोदौलिया क्षेत्र में साधु संतों पर और स्वामी अविमुक्तेश्वरानन्द तथा पातालपुरी के महंत बालक दास पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में सपा सरकार के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का पुतला दहन कर आक्रोश जताया। इस अवसर पर भाजयुमो (भारतीय जनता युवा मोर्चा) के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डा. श्याम प्रकाश द्विवेदी ने कहा कि जिस तरीके से सपा सरकार के इशारे पर लाठीचार्ज किया गया, वह अति निन्दनीय है।
उन्होंने कहा कि सपा सरकार समाज के साथ-साथ हिन्दुओं की विरोधी है। जिस तरीके से अखिलेश के इशारे पर साधु संतों को बनारस में पीटा गया, इसे बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। डा.द्विवेदी ने कहा कि सपा सरकार सिर्फ जातिवाद, परिवारवाद एवं वर्ग विशेष की राजनीति कर रही है। भाजयुमो नेता ने चेतावनी देते हुए कहा कि अखिलेश यादव ऐसे ही हिन्दुओं का अपमान करते रहे तो एक समय आयेगा कि भागने के लिए जमीन नसीब नहीं होगी।