न्यूयार्क - अमरीका दौरे पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न्यूयार्क में 40 से अधिक शीर्ष सीईओ के साथ डिनर पर मुलाकात की। इस कार्यक्रम का आयोजन फार्च्यून पत्रिका द्वारा किया गया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया भर में विदेशी निवेश में गिरावट आई है, लेकिन भारत में इसमें 40 फीसदी बढ़ोतरी हुई है, यह भारतीय अर्थव्यवस्था में भरोसे को दर्शाता है। हम नियमों को सरल बना रहे हैं, निर्णय में तेजी और पारदर्शिता ला रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि निर्णय की सरल एवं त्वरित प्रक्रिया, पारदर्शिता और शासन के तौर-तरीकों में सुधार उनकी सरकार की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने दुनिया के प्रमुख उद्योगपतियों से भारत में निवेश की अपील भी की। श्री मोदी ने फॉर्च्यून 500 में शामिल 40 से अधिक कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) से मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने उनसे भारत में निवेश बढ़ाने के लिए सुझाव मांगे। श्री मोदी ने इन सीईओ से भारत में निवेश से जुड़ी चिंताओं पर भी बात की।