नई दिल्ली - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे पर ऑटोग्राफ देने से खासा बवाल मच गया है और ट्विटर पर इसे लेकर प्रतिक्रिया जताने वालों का तांता लग गया है। कांग्रेस ने मौका न चूकते हुए जहां इसे लेकर प्रधानमंत्री पर निशाना साधा, वहीं कई पत्रकारों और बुद्धिजीवियों का कहना था कि मामले को बेवजह तूल दिया जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक पीएम मोदी और टॉप कंपनियों के सीईओज के साथ न्यूयार्क में गुरुवार रात हुए डिनर के लिए विकास खन्ना और उनकी टीम ने डिशेज तैयार की थी। विकास का कहना है कि डिनर के बाद मोदी ने उन्हें गले लगाया और अपने ऑटोग्राफ वाला तिरंगा गिफ्ट किया।
इसी गिफ्ट के चलते मोदी पर तिरंगे के अपमान का आरोप लगा है। कहा जा रहा है कि मोदी ने फ्लैग कोड का उल्लंघन किया है। विवाद बढ़ता देख भारतीय विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने यह झंडा वापस ले लिया है, जबकि विकास यह तिरंगा अमरीकी प्रेजिडेंट बराक ओबामा को देने वाले थे। बताया जा रहा है कि फ्लैग कोड की वजह से यह झंडा वापस लिया गया है। हालांकि सोशल मीडिया पर यह मामला वायरल हो गया और मोदी की आलोचना करने वालों की लाइन लग गई।