खुद को देवी का अवतार बताने वाली राधे माँ उर्फ़ सुखविंदर कौर एक बार फिर से विवादों में है. अब उनका मुंबई स्थित घर विवाद की जड़ बना है. आरोप लगाया गया है कि यह घर काले धन से ख़रीदा गया है.
धर्म रक्षक महामंच संस्था के अध्यक्ष रमेश जोशी ने मुंबई के बोरीवली वेस्ट स्थित चिकुवाड़ी इलाके में राधे मां के बेटे द्वारा खरीदे गये बंगले और उसके निर्माण काम में गड़बड़ियों को लेकर बीएमसी कमिश्नर से शिकायत की है। 500 वर्गमीटर में बना यह बंगला राधे मां के बेटे हरजिंदर मोहन सिंह के नाम पर है, जिसे 2009 में खरीदे गए प्लॉट पर बनाया गया था।
शिकायतकर्ता रमेश जोशी ने आरोप लगाया है कि बंगले का निर्माण म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए अनाधिकृत रूप से किया गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आधिकारिक तौर पर इस प्लॉट को खरीदने के लिये महज 1 करोड़ 65 लाख रुपये अदा किये गये। लेकिन वास्तव में इसके लिये करीब 30 करोड़ रुपये ब्लैक मनी के तौर पर चुकाए गये हैं।
वहीं दहेज उत्पीड़न के मामले में हाई कोर्ट के निर्देश पर बुधवार को कांदिवली पुलिस स्टेशन में हाज़िरी देने पहुंची राधे मां राधे मां ने ज़ी मीडिया के किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया। हालांकि ज़ी मीडिया से बातचीत में राधे मां के प्रवक्ता संजीव गुप्ता ने कहा कि रमेश जोशी द्वारा राधे मां पर लगाये सभी आरोप झूठे और निराधार हैं। ये सिर्फ राधे मां को तकलीफ पहुंचाने और उनका नाम बदनाम करने की साजिश है।
गौरतलब है कि रमेश जोशी इससे पहले राधे मां के खिलाफ पुलिस, इनकम टैक्स, प्रवर्तन निदेशालय समेत कई अलग-अलग विभागों में शिकायतें दर्ज करा चुके हैं। दूसरी तरफ, राधे मां ने भी रमेश जोशी के खिलाफ मानहानि का दावा किया है और उनके खिलाफ भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।