भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका की अपनी दूसरी यात्रा पर गुरुवार को न्यूयॉर्क पहुंच गए। अमेरिका में रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों ने आज मोदी का उनके होटल के बाहर भव्य स्वागत किया। गौर हो कि मोदी का यह छह दिवसीय अमेरिका दौरा है और वह संयुक्त राष्ट्र सम्मेलनों में हिस्सा लेने के लिए अमेरिका आए हैं।
अमेरिका में अपने व्यस्त कार्यक्रम के दौरान वह संयुक्त राष्ट्र के ऐतिहासिक सतत विकास शिखर सम्मेलन में विश्व के नेताओं को संबोधित करेंगे और सिलिकॉन वैली में भारतीय समुदाय तथा शीर्ष मुख्य कार्यकारी अधिकारियों से बातचीत करेंगे। मोदी देश की वित्तीय राजधानी में आगामी दो दिनों तक रहेंगे और इस दौरान वह वित्तीय क्षेत्र पर गोल मेज सम्मेलन में भाग लेंगे। इस ‘महत्वपूर्ण बैठक’ में वह भारत में निवेश के इच्छुक एफआईआई से मुलाकात करेंगे। वह रूपर्ट मडरेक के न्यूज रिपीट न्यूज कार्प्स की मेजबानी वाले एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे और फॉर्च्यून 500 कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के साथ रात्रिभोज करेंगे। इसके बाद वह सितंबर 26-27 में कैलिफोर्निया की अपनी यात्रा के लिए वेस्ट कोस्ट के लिए विमान से रवाना होंगे।
मोदी के विमान के यहां जेएफके अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर पहुंचने के तत्काल बाद विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने ट्वीट किया, बिग एप्पल में एक व्यस्त कार्यक्रम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका की अपनी यात्रा की शुरुआत में न्यूयार्क पहुंच गए हैं। हवाईअड्डे पर अमेरिका में भारतीय राजदूत अरुण के सिंह, संयुक्त राष्ट्र में भारत के दूत अशोक मुखर्जी और महावाणिज्यदूत ज्ञानेश्वर मुले ने अपनी-अपनी पत्नियों के साथ प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। इसके बाद मोदी यहां वाल्डोर्फ एस्टोरिया होटल पहुंचे जहां उनके समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया।