प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार सुबह दो देशों की सात दिवसीय विदेश यात्रा पर रवाना हो गए। मोदी इस यात्रा के दौरान आयरलैंड और अमेरिका का दौरा करेंगे। ज्ञात हो कि पंडित जवाहर लाल नेहरू के बाद मोदी आयरलैंड जाने वाले पहले प्रधानमंत्री हैं। 60 साल बाद भारत से कोई प्रधानमंत्री आयरलैंड की यात्रा पर जा रहा है। उधर, भारत और अमेरिका ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की राष्ट्रपति बराक ओबामा के साथ बैठक से पहले संबंधों को मजबूत करने और क्षेत्रीय सुरक्षा बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित करते हुए मंगलवार को प्रथम रणनीति एवं वाणिज्यिक वार्ता शुरू की। अपने अमेरिकी समकक्ष जॉन केरी के साथ विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने द्विपक्षीय संबंधों में वरीयता वाले क्षेत्रों को रेखांकित किया। दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका एवं वाणिज्यिक वार्ता का उदघाटन किया।
मोदी आज आयरलैंड की राजधानी डबलिन पहुंचेंगे, वहां वह उस देश के सरकार प्रमुख ऐंडा केनी के साथ चर्चा करेंगे। वह आयरलैंड में भारतीय समुदाय के साथ भी संक्षिप्त वार्ता करेंगे। पंडित नेहरू 1949 और 1956 में आयरलैंड गए थे। आयरलैंड में भारतीय समुदाय से भी उनकी मुलाकात और बातचीत होगी। वहां करीब 25 से 30 हज़ार प्रवासी भारतीय रहते हैं। मोदी ने उम्मीद जतायी कि उनकी यात्रा से भारत एवं आयरलैंड के बीच आर्थिक संबंध और दोनों देशों के नागरिकों के बीच रिश्ते मजबूत होंगे।
मोदी इसके बाद न्यूयॉर्क सिटी के लिए रवाना हो जाएंगे और स्थानीय समयानुसार गुरुवार शाम वहां पहुंचेंगे। अमेरिका में वह न्यूयार्क में संयुक्त राष्ट्र सतत विकास शिखर बैठक में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा वह अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा द्वारा आयोजित शांति के लिए शिखर बैठक में भी शिरकत करेंगे। प्रधानमंत्री अमेरिका प्रवास के दौरान विश्व के कई नेताओं से मिलने के अलावा निवेशकों और वित्तीय कंपनियों के प्रमुख लोगों से भी भेंट करेंगे। वह 27 सितंबर को सैन जोस जाएंगे जहां वह भारतीय समुदाय को संबोधित करेंगे।