जोधपुर - मंगलवार को किशनगढ़ एरिया में तीन पाकिस्तानी बच्चों को गांव वालों ने पकड़ कर बीएसएफ के हवाले कर दिया। जानकारी के मुताबिक तीनों ही बच्चे खेल-खेल में वायर फेंसिंग के नीचे गड्ढा खोदकर भारत पहुंचे थे। बीएसएफ के अफसर इन तीनों से पूछताछ कर रहे हैं। जैसलमेर जिला के किशनगढ़ क्षेत्र में कुरिया बेरी नाम का गांव है। मंगलवार सुबह गांव वालों ने यहां तीन अनजान बच्चों को देखा।
इन तीनों की उम्र करीब 12 साल है। गांव वालों ने इनसे पूछताछ की तो उन्होंने अपने नाम पवन, सज्जन और सलीम बताए। इन्होंने बताया कि वे पाकिस्तान के रहीमयार खान जिला के रहने वाले हैं। बच्चों ने बताया कि सोमवार को वे भेड़ चराते-चराते बॉर्डर एरिया में पहुंच गए थे। यहां उन्होंने वायर फेंसिंग के नीचे गड्ढा खोदा और भारतीय बार्डर में आ गए। रात हो गई तो वे तीनों वहीं सो गए।
सुबह उठ कर वे जब गांव के अंदर पहुंचे तो गांव वालों ने उन्हें पकड़ लिया। इन तीनों बच्चों से बीएसएफ पूछताछ कर रही है। बीएसएफ प्रवक्ता ने इस बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी है, हालांकि उन्होंने माना कि तीनों बच्चे से पूछताछ की जा रही है। सूत्रों का कहना है कि पूछताछ के बाद इन तीनों बच्चों को पाकिस्तानी रेंजर्स के हवाले कर दिया जाएगा।