वाराणसी - गणेश चतुर्थी पर गंगा नदी में मूर्ति विसर्जन पर प्रशासन की रोक के विरोध में वाराणसी में भारी हंगामा मच गया है। लोगों ने मूर्ति विसर्जन पर लगाई गई रोक हटाने की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में इकट्ठा हुए लोगों के साथ मिलकर बाजार बंद करा दिया और प्रदेश सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रशासन की रोक के खिलाफ लोग बनारस में गोदौलिया पर धरना दे रहे हैं।
मंगलवार शाम तक गोरखपुर से भाजपा सांसद महंत आदित्यनाथ भी धरने को समर्थन देने आ सकते हैं। महंत आदित्यनाथ ने कहा कि वाराणसी प्रशासन हिंदुओं का उत्पीड़न करना बंद करे। उन्होंने कहा कि गंगा में प्रदूषण मूर्ति विसर्जन से नहीं बल्कि शहरों से निकलकर गंगा में जाने वाले कचरे और गंदगी से फैल रहा है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में वाराणसी के डीएम से भी बात की गई है, यदि प्रशासन मूर्ति विसर्जन पर लगी रोक नहीं हटाता को आंदोलन किया जाएगा।