अहमदाबाद - नाबालिग लडकी से दुष्कर्म के आरोप में जोधपुर जेल में बंद विवादास्पद धर्मगुरू आसाराम बापू तथा ऐसे ही एक आरोप में सूरत जेल में बंद उनके बेटे नारायण साई के खिलाफ गवाही देने वालो को मारने की एक सुनियोजित साजिश का खुलासा करने का दावा करते हुए गुजरात में अहमदाबाद पुलिस की क्राईम ब्रांच ने एक महिला समेत दो लोगों को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया जिन्हे बाद में गांधीनगर की एक कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उन्हें आगे की पूछताछ के लिए तीन दिन के रिमांड पर देने के पुलिस के आग्रह को स्वीकार कर लिया।
पुलिस कमिश्नर शिवानंद झा ने पत्रकारों को बताया कि क्राइम ब्रांच की एक विशेष टीम ने कर्नाटक के बीजापुर निवासी बासव राज उर्फ वासु और षडयंत्र के तहत खुद को उसकी पत्नी बताने वाली दमन निवासी सेजल प्रजापति को गिरफ्तार किया है। दोनों पिछले साल राजकोट में घातक हमले के शिकार अमृत प्रजापति समेत छह मुख्य गवाहों पर हमले के षडयंत्र के सूत्रधार बताए गए हैं। दोनों को वर्ष 2013 में सूरत में आसाराम और साई के 17 नजदीकी अनुयायियों ने एक गुप्त बैठक के बाद उक्त गवाहों की हत्या की साजिश के लिए संबंधित जानकारी जुटाने और षडयंत्र के लिए पैसे दे कर तैयार किया था।
दोनों को छह मुख्य गवाहों सूची भी दी गई थी। दोनों पति-पत्नी बन कर सूरत में रहते थे तथा उन्होंने जानबूझ कर आसाराम और साई के समर्थकों के खिलाफ पुलिस में शिकायतें दर्ज करानी शुरू कर दी थी ताकि वे गवाहों का विश्वास जीत उन पर हमले की साजिश में मदद कर सकें। पुलिस उन्हें रिमांड पर लेकर गहरी पूछताछ कर रही है।