मुंबई - शीना बोरा हत्याकांड के सिलसिले में एक स्थानीय अदालत ने आज मुख्य आरोपी इंद्राणी मुखर्जी, उनके पूर्व पति संजीव खन्ना और कार चालक श्याम राय की न्यायिक हिरासत पांच अक्तूबर तक के लिए बढ़ा दी। इन तीनों की न्यायिक हिरासत आज खत्म हो गई थी। उन्हें वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बांद्रा की मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया गया। इन तीनों आरोपियों को शहर की अलग अलग जेलों में रखा गया है। सुरक्षा कारणों को लेकर उन्हें व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश नहीं किया जा सका।
उनकी गिरफ्तारी और लंबी पूछताछ के पखवाड़े भर बाद सात सितंबर को अदालत ने इंद्राणी और उनके कार चालक को 21 सितंबर तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया था जबकि खन्ना को कोलकाता ले जाया गया जहां उन्हें एक अदालत में पेश किया गया। इंद्राणी के पूर्व पति खन्ना को भी आठ सितंबर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया क्योंकि एक दिन पहले ही उनकी 14 दिनों की पुलिस हिरासत की अनिवार्य अवधि खत्म हो गई थी।