वाराणसी - पीएम नरेंद्र मोदी शुक्रवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे। पीएम ने यहां कैंटोनमेंट इलाके के मल्टीपरपज ग्राउंड में जरूरतमंदों को ई-रिक्शे, साइकिल रिक्शे और ठेले बांटे। पीएम ने यहां कई परिवारों को प्रधानमंत्री जनधन योजना से जोडऩे के लिए रुपे कार्ड भी बांटा। पीएम ने यहां लोगों को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पिछले पचास साल में जो नहीं किया, उसे पचास महीने में करने आया हूं। पीएम के मुताबिक, गरीबों की माला जपने का काम बंद होना चाहिए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि नई योजनाओं की शुरुआत से काशी का भाग्य बदलेगा। उन्होंने कहा कि तकनीक की मदद से गरीबों के जीवन में सुखद बदलाव आएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा के जरिए ही गरीबों की दशा सुधर सकती है। मोदी ने बच्चों की पढ़ाई पर जोर देते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ कोई समझौता नहीं करना चाहिए। अनुशासन से जिंदगी बदली जा सकती है। गरीबों के लिए बैंकों के दरवाजे खोले गए हैं। 50 साल का काम 50 महीने में पूरा करूंगा।
जनधन योजना के तहत 18 करोड़ खाते खोले गए हैं, जिसमें अब तक 30 हजार करोड़ रुपए जमा हो चुके हैं। नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज 18 करोड़ से ज्यादा गरीबों के पास बैंक खाते हैं। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि जिन लोगों ने गरीबों के खाते तक नहीं खोले, वे मुझसे मेरी योजनाओं और कामों का हिसाब मांग रहे हैं। इसके बाद प्रधानमंत्री ने वाराणसी में बीएचयू ट्रॉमा सेंटर का उद्घाटन किया। इस मौके पर पीएम मोदी ने वाराणसी की स्थिति को बेहतर बनाने के लिए अन्य वादे भी किए।