नई दिल्ली - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके 66वें जन्मदिवस पर गुरुवार को राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी सहित देश-विदेश के नेताओं ने बधाई दी। श्री मोदी को बधाई देने वाले विदेशी नेताओं में जर्मनी की चांसलर एजेंला मर्केल, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादीमिर पुतिन और प्रधानमंत्री दिमित्री मेदवेदेव और आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री मैल्कम टर्नबुल शामिल हैं। तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा, राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने भी श्री मोदी को उनके जन्मदिन पर बधाई दी।
श्री मोदी का जन्म 17 सितंबर, 1950 को गुजरात के वडनगर में हुआ था। श्री मोदी ने अपना जन्मदिन खास अंदाज में मनाया। उन्होंने सुबह यहां 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध की स्वर्ण जयंती के अवसर पर राजपथ पर चल रही प्रदर्शनी ‘शौर्यांजलि’ का अवलोकन किया। श्री मोदी ने बाद में ट््वीट किया कि शौर्यांजलि में कुछ समय बिताया। कई केंद्रीय मंत्रियों, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस, राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी श्री मोदी को जन्मदिन की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
योगगुरु बाबा रामदेव ने भी उन्हें बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में देश को गरीबी और महंगाई से निजात मिलेगी, काला धन वापस आएगा और व्यवस्था में बदलाव आएगा। गुजरात सरकार ने श्री मोदी के जन्मदिन को स्वच्छता दिवस के रूप में मनाया। राज्य सरकार ने सभी नगर पालिकाओं से 17 सितंबर के दिन को स्वच्छता दिवस के तौर पर मनाने को कहा है। श्री मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भी उनका जन्मदिन खास तरीके से मनाया गया।