नई दिल्ली - चुनाव आयोग ने पीएम नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम मन की बात पर रोक लगाने से इनकार किया है। कांग्रेस और बिहार के महागठबंधन के नेताओं ने आयोग से इस कार्यक्रम पर रोक लगाने की मांग की थी। कांग्रेस का कहना था कि मोदी का यह कार्यक्रम आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है। आयोग के एक वरिष्ठ नेता का कहना था कि अगर कार्यक्रम में आचार संहिता का उल्लंघन होता है तो ही वह इस पर एक्शन ले सकते हैं। सरकारी रेडियो पर प्रसारित होने वाले इस कार्यक्रम की अगली कड़ी आगामी रविवार को है।
कांग्रेसी नेताओं ने बुधवार दोपहर को इस बारे में आयोग से मिलने की बात कही थी, लेकिन आयोग के एक अधिकारी ने कहा है कि ऐसे कार्यक्रम पर रोक नहीं लगाई जा सकती है। उधर,पीएम के मन की बात प्रोग्राम पर रोक का मुद्दा उठने के बाद भाजपा ने भी जवाबी हमला बोला है। पार्टी के प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि कांग्रेस का वश चले तो वह पीएम मोदी के मुंह पर ताला ही लगा दे। पहले भी हरियाणा और दिल्ली इलेक्शन के दौरान कांग्रेस ने प्रधानमंत्री के मन की बात प्रोग्राम पर रोक लगाने की मांग की थी, जिसे आयोग ने खारिज कर दिया था। कांग्रेस ने कहा था कि मोदी मन की बात के जरिए वोटरों को गुमराह कर सकते थे, लेकिन आयोग को इस दौरान मन की बात में कोई आपत्तिजनक बात नहीं मिली थी।