नई दिल्ली - सार्वजनिक क्षेत्र की विमानन कंपनी एयर इंडिया में फिर से श्रमिक अशांति का माहौल बन रहा है। कंपनी के पायलटों की एक यूनियन के ज्यादातर सदस्य, फ्लाइट कमांडरों को श्रमिक वर्ग से बाहर करने की श्रम मंत्रालय की अधिसूचना के खिलाफ हड़ताल पर जाने का मन बना रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, इंडियन कर्मिशयल पायलट्स एसोसिएशन (आईसीपीए) की केंद्रीय कार्यकारी समिति अगले दो दिनों में एयर इंडिया प्रबंधन को हड़ताल का एक नोटिस भेज सकती है।
आईसीपीए के महासचिव प्रवीण के. कीर्ति ने सदस्यों को भेजी सूचना में कहा हम आईसीपीए सदस्यों सूचित करना चाहेंगे कि गोपनीय डाक मतदान में हमारे सदस्यों द्वारा भागीदारी कर जिस तरह का समर्थन दिया गया है, उसको लेकर हम उत्साहित हैं और सभी चार क्षेत्रों ने हड़ताल के पक्ष में मतदान किया है। यह एसोसिएशन पूर्ववर्ती इंडियन एयरलाइन्स के करीब 670 पायलटों का प्रतिनिधित्व करता है।