श्रीनगर - जम्मू-कश्मीर में रविवार को पहली बार आयोजित अंतरराष्ट्रीय हाफ मैराथन में उपद्रवियों ने रंग में भंग डाल दिया। हाफ मैराथन ने तब हिंसक रूप ले लिया, जब उसमें घुसे कुछ उपद्रवियों ने पाकिस्तानी झंडे लहराए और पुलिसकर्मियों पर पत्थरबाजी की। पुलिस ने इस दौरान प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। पुलिस ने इस मामले में 12 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है। सत्तारूढ़ पीडीपी (पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी) ने यह दावा किया है कि मैराथन के दौरान कुछ बदमाश घुस आए और उन्होंने महिला प्रतिभागियों के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। इसी कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई।
पीडीपी की युवा इकाई की अध्यक्ष वाहीद पारा ने कहा कि कुछ लोगों ने महिला प्रतिभागियों के साथ दुर्व्यवहार किया। इस दौरान इव-टीजिंग और छेड़छाड़ की जो घटना हुई है, वह निंदनीय है। पारा का यह दावा है कि पाकिस्तानी झंडे लेकर नारेबाजी कर रहे लोग भी छेड़छाड़ में शामिल रहे हैं। वहीं, पुलिसकर्मियों ने बताया कि कुछ युवक नारेबाजी और पथराव कर रहे थे। इस कारण आंसू गैस के गोले छोडऩे पड़े। हालांकि, उनका कहना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है। 21 किलोमीटर लंबी हाफ मैराथन रविवार सुबह हजरतबल स्थित कश्मीर यूनिवर्सिटी से शुरू हुई थी। इसमें 15 अंतरराष्ट्रीय एथलीटों ने हिस्सा लिया था और 15000 से अधिक लोगों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया था।