गुलबर्गा - एजेंसी कर्नाटक के गुलबर्गा में शुक्रवार देर रात सिकंदराबाद से मुंबई जा रही है 12220 दुरंतो एक्सप्रेस के 9 कोच पटरी से उतर गए। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं मरने वालों में दो लोगों की पहचान ज्योति और पुष्पा लता के रूप में हुई है। हादसा रात करीब सवा दो बजे गुलबर्गा जिले में हुआ।
जानकारी के मुताबिक दुरंतो एक्सप्रेस रात लगभग 2 बजे शाहबाद स्टेशन से रवाना हुई थी। यहां से करीब 30 किलोमीटर दूर गुलबर्गा जिले में सवा दो बजे ट्रेन के बी 1 से लेकर बी 9 तक 9 कोच पटरी से उतर गए। रेलवे पीआरओ अनिल सक्सेना ने बताया कि एनडीआरएफ की दो टीमें घटनास्थल पर भेजी गई हैं। एक टीम हैदराबाद से और दूसरी टीम पुणे से भेजी गई है। राहत और बचाव कार्य जारी हैं।