झाबुआ - मध्यप्रदेश के झाबुआ से करीब 60 किलोमीटर दूर स्थित पेटलावद में हुए विस्फोट में 82 लोगों की मौत हो गई और 150 लोग घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि विस्फोट बस स्टैंड के नजदीक स्थित रेस्टोरेंट में सुबह करीब 8.30 बजे हुआ। इसके बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। विस्फोट के बाद रेस्टोरेंट के पास ही स्थित एक दोमंजिला मकान भी क्षतिग्रस्त हुआ है। राज्य के गृहमंत्री बाबूलाल गौर ने कहा है कि हादसे की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि हादसा सेठिया होटल में गैस सिलेंडर फटने से हुआ है। हालांकि विस्फोट के सही कारणों का पता जांच के बाद ही लग सकेगा। धमाका इतना तेज था कि इससे रेस्टोरेंट की छत गिर गई। हादसे के वक्त बस स्टैण्ड पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। विस्फोट के बाद करीब 30 लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। विस्फोट के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल था। इलाके में चारों तरफ लाशें पसरी थीं और लोग बदहवास इधर-उधर भाग रहे थे। घटना के बाद मौके पर पहुंचे बचाव दल ने घायलों को झाबुआ, रतलाम और इंदौर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हादसे में घायल कई लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
हादसे के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी ट्वीट कर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट में कहा, 'झाबुआ में हुए भीषण हादसे से मैं बेहद दुखी हूं। पीडि़तों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करता हूं।' मध्यप्रदेश सरकार की ओर से हादसे में मरने वाले लोगों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए का मुआवजा देने की घोषणा की गई है, साथ ही घायलों को 50-50 हजार रुपए का मुआवजा दिया जाएगा। बताया ये भी बताया जा रहा है कि रेस्टोरेंट के पास वाले मकान में माइनिंग के काम में लाए जाने वाले विस्फोटक का भंडार था। मकान में बड़ी संख्या में जिलेटिन की छड़ें रखी थी। एक प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक करीब 15 मिनट तक विस्फोट होते रहे। इससे आसपास के दो मकानों में आग भी लग गई।