ऋषिकेश - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि वर्ष 2022 तक देश के सभी गांवों में चौबीसों घंटे बिजली मिलने लगेगी। श्री मोदी ने यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने पिछले सवा साल में देश में सवा चार लाख से ज्यादा शौचालयों का निर्माण कराया है, ताकि बेटियों को स्कूलों में अलग शौचालय न होने की वजह से बीच में ही पढ़ाई न छोडऩी पड़े।
उन्होंने कहा कि 40 वर्ष पहले देश में बैंकों का राष्ट्रीयकरण यह कहकर किया गया था कि इससे बैंकों में गरीब लोगों की भागीदारी हो जाएगी, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। इसलिए उनकी सरकार ने प्रधानमंत्री जन-धन योजना की शुरुआत कर 17 करोड़ नए बैंक खाते खोलकर बैंको में जनभागीदारी सुनिश्चित की है। देश की रक्षा में उत्तराखंड के योगदान की चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यहां शायद ही कोई ऐसा परिवार हो जिसका एक न एक सदस्य सैनिक के रूप में देश की रक्षा के लिए तैनात न हो। उनकी सरकार ने वन रैंक वन पेंशन की मांग को पूरा कर सैनिकों के सम्मान का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि इस मद पर हर साल करीब 10 हजार करोड़ रुपए खर्च होंगे।