रायपुर - जैन धर्म के त्योहार की वजह से मीट की खरीद-फरोख्त पर अब छत्तीसगढ़ और पंजाब में भी बैन लगाया गया है। मुंबई की दो नगर पालिकाओं, गुजरात के अहमदाबाद और राजस्थान में त्योहार के चलते पहले से ही मीट पर बैन लग चुका है। छत्तीसगढ़ सरकार ने मांस की खरीद-फरोख्त पर नौ दिनों का बैन लगाया है। जैन समुदाय के पर्यूषण पर्व और गणेश चतुर्थी को देखते हुए प्रदेश में 18 सितंबर तक जानवरों को काटने और मांस बेचने और खरीदने पर बैन लगाया गया है।
इससे पहले, रायपुर नगर निगम ने भी 17 सितंबर तक मांस-मटन की बिक्री पर बैन लगाया था। उधर, लुधियाना पुलिस कमिश्नर की ओर से जारी बयान के मुताबिक, 17 सितंबर को शहर में जैनों के त्योहार की वजह से नॉन वेज फूड की खरीद-फरोख्त पर बैन रहेगा। यह आदेश सीआरपीसी के सेक्शन 144 के तहत जारी किया गया है। यह बैन होटल, मीट शॉप्स और नॉन वेज परोसने वाली हर जगह पर लागू होगा। उधर, मीट के बिजनेस से जुड़े छत्तीसगढ़ के लोगों ने इस फैसले के विरोध में हाई कोर्ट में याचिका दायर की है।
इस पर 12 सितंबर को बहस होगी। पिछले साल भी नगर निगम ने पर्युषण और गणेश चतुर्थी को देखते हुए मीट की सेल पर बैन लगाया था। छत्तीसगढ़ पोल्ट्री एसोसिएशन ने इस मामले में पिछली बार भी हाई कोर्ट में याचिका लगाई थी और स्टे लेकर आए थे। वहीं, जम्मू में हाई कोर्ट द्वारा आदेशित मांस प्रतिबंध के विरोध के बीच एक बार फिर पाकिस्तान और आतंकी संगठन आईएस के झंडे लहराए गए।