फरीदाबाद - बदरपुर से एस्कोर्ट्स मुजेसर तक साढ़े 13 किलोमीटर लम्बे मेट्रो कॉरिडोर की शुरुआत रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की। वे मेट्रो से ही फरीदाबाद पहुंचे। मोदी ने सेक्टर-12 में आयोजित गति-प्रगति रैली के मंच से ही बटन दबाकर इस परियोजना की शुरुआत की। पीएम रविवार को फरीदाबाद आने के लिए जनपथ स्टेशन से मेट्रो में सवार हुए और बाटा स्टेशन पर उतरे। मेट्रो में सफर के दौरान लोगों ने मोदी के साथ सेल्फी भी ली मोदी ने भी सफर कर रही एक महिला के नन्हे बच्चे को दुलारा। उन्होंने मेट्रो में सफर कर रहे लोगों व छात्रों से बात की। फरीदाबाद मेट्रो का पीएम ने 11 बजकर पांच मिनट पर बाटा स्टेशन पर लोकार्पण किया।
बाटा स्टेशन से प्रधानमंत्री सेक्टर-12 गति-प्रगति रैली स्थल पर पहुंचे। पहले कयास लगाए जा रहे थे कि पीएम फरीदाबाद वायुसेना के हेलीकॉप्टर से आएंगे, लेकिन वे मेट्रो से ही फरीदाबाद पहुंचे। मेट्रो की शुरुआत करने के बाद पीएम ने कहा कि फरीदाबाद के मेट्रो की मार्फत दिल्ली से लिंक होने के बाद फरीदाबाद का विकास और भी तेजी से होगा। अब तो दिल्ली वासी फरीदाबाद के पर्यटन केन्द्रों पर वीकेंड का आनंद ले सकेंगे। इसके अलावा फरीदाबाद में विदेशी निवेश भी संभव हो सकेगा। बदरपुर-एस्कोर्ट्स-मुजेसर मेट्रो कॉरिडोर के शुरू होने से 1.90 लाख यात्री प्रतिनिधि मेट्रो से सफर करेगें।
फरीदाबाद मेट्रो कॉरिडोर की सबसे बड़ी खासियत यह भी है कि इस कॉरिडोर के सभी नौ स्टेशन ईको फ्रेंडली होगें। फरीदाबाद में मेट्रो स्टेशनों को रेलवे स्टेशनों से लिंक करने का काम भी जल्द शुरू होगा। इनके लिंक होने से यात्रियों को एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन पर आने-जाने में सुविधा होगी। हरियाणा के राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी, मुख्यमंत्री मनोरहलाल, केेंद्रीय ग्रामीण मंत्री बीरेंद्र सिंह, केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री राव इंद्रजीत, केंद्रीय सामाजिक न्याय व अधिकारिता राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर, डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक मंगू सिंह ने पीएम का स्वागत किया।