नई दिल्ली - अपने बेबाक बयानों के लिए मशहूर कांग्रेसी महासचिव दिग्विजय सिंह ने 68 साल की उम्र में शादी कर ली। दिग्विजय सिंह ने 44 साल की टीवी एंकर अमृता राय से पिछले महीने चेन्नई में सात फेरे लिए हैं। अमृता राय ने रविवार को फेसबुक पर एक पोस्ट के जरिए दोनों की शादी की पुष्टि की है, हालांकि दिग्विजय सिंह की तरफ से कोई बयान नहीं आया है। वह इस वक्त अमरीका में बताए जा रहे हैं। कांग्रेस के महासचिव दिग्विजय सिंह और टीवी एंकर अमृता राय की लव स्टोरी उस वक्त दुनिया के सामने आई और सुर्खियां बन गई थीं, जब उनके निजी पलों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर लीक हो हुई थी।
शादी की जानकारी देते हुए अमृता राय ने रविवार सुबह एक फेसबुक पोस्ट के जरिए बताया कि उन्होंने दिग्विजय सिंह के साथ हिंदू रीति-रिवाजों के तहत शादी कर ली है और इसकी कानूनी मान्यता भी हासिल कर ली है। फेसबुक पोस्ट में अमृता ने अपने दोस्तों के साथ यह खबर साझा करते हुए लिखा कि मेरे बुरे वक्त में साथ देने वाले लोगों का तहे दिल से शुक्रिया। बीता करीब डेढ़ साल काफी तनावपूर्ण रहा है। मैं साइबर क्राइम की शिकार हुई, लेकिन मुझसे ही अपराधी जैसा बर्ताव हुआ। मेरी कोई गलती नहीं थी, फिर भी मेरे लिए बेहद गंदी भाषा इस्तेमाल की गई।
जिन्हें प्यार के बारे में कुछ पता ही नहीं, उन्होंने सोशल मीडिया पर मुझे शर्मसार करने की कोशिश की। इस दौरान मैं खामोश रही और मैंने खुद पर और दिग्विजय के लिए अपने प्यार पर भरोसा बनाए रखा। बता दें कि पिछले साल सोशल मीडिया पर अमृता और दिग्विजय सिंह की कुछ निजी तस्वीरें लीक होने के बाद काफी बवाल हुआ था। इसके बाद, दोनों ने अपने रिश्ते की बाद कबूल कर ली थी। हालांकि, उसके बाद से शादी को लेकर कयास लगाए जा रहे थे।