मुम्बई - हाईप्रोफाइल शीना वोरा हत्या मामले में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का एक दल आज फिर से स्टार इंडिया के पूर्व सीईओ पीटर मुखर्जी से खार पुलिस स्टेशन में पूछताछ कर रहा है। पीटर दिन में 11 बजे पुलिस स्टेशन पहुंचे जिसके बाद मामले की मुख्य आरोपी और उनकी पत्नी इंद्राणी को पुलिस किसी अज्ञात स्थान से लगभग डेढ बजे खार पुलिस स्टेशन लेकर आयी। फिलहाल इंद्राणी को अलग कमरे में रखा गया है लेकिन पुलिस दोनों को एक बार फिर आमने-सामने बैठा कर पूछताछ करेगी।
इस मामले के तीसरे आरोपी और इंद्राणी के पूर्व पति संजीव खन्ना को अभी खार पुलिस स्टेशन लाया जाना बाकी है जबकि आरोपी ड्राइवर श्याम राय खार पुलिस स्टेशन के लॉकअप में ही बंद है। पुलिस ने कल भी पीटर से 12 घंटे तक पूछताछ की थी। इस दौरान पुलिस ने उनसे इस हत्याकांड से संबंधित सवालों के अलावा उनके व्यापार और आय के स्रोतों के संबंध में लगभग 25 सवाल पूछे थे। पुलिस ने बताया कि इस मामले की जांच चल रही है और पुलिस के एक दल ने पीटर के वर्ली स्थित घर से उनके लैपटॉप और कुछ दस्तावेज भी बरामद किये।