नई दिल्ली - पाक आतंकी और जमात-उल-दावा चीफ हाफिज सईद एक बार फिर जम्मू-कश्मीर में एलओसी से सटे इलाके में दिखा है। यह पहला मौका नहीं है, जब मुंबई हमलों के गुनाहगार के सीमा से सटे गांवों में एक्टिव होने की खबर मिली है, जो सीमा से महज 500 मीटर की दूरी पर है। भारतीय खुफिया एजेंसियों का दावा है कि आतंकी हाफिज सईद छह से अधिक बार एलओसी के नजदीक देखा जा चुका है। हाफिज पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में एलओसी से सटे इलाके में करीब डेढ़ घंटे तक रहा और गांव वालों से मिलकर बातचीत भी की।
आतंकियों के आका की सीमा से सटे इलाकों में सक्रियता को देखते हुए भारत में आतंकी घुसपैठ की आशंका बढ़ गई है। दूसरी ओर खुफिया एजेंसियों ने भी हमले का अलर्ट जारी किया है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक हाफिज सईद जम्मू-कश्मीर में बड़े फिदायीन हमले की प्लानिंग कर रहा है। गौरतलब है कि पिछले एक महीने में पाकिस्तान की सीमा से सटे इलाकों में आतंकी घुसपैठ और एनकाउंटर की घटनाओं के अचानक बढ़ोतरी हुई है। आतंकी हाफिज सईद ने रविवार को एक बार फिर भारत के खिलाफ जहर उगला था। उसने कहा था कि भारत जंग चाहता है और पाकिस्तान को उसे करारा जवाब देना ही होगा।
सईद ने यहां तक कहा था कि एक बार पाकिस्तान करारा जवाब देगा तो पूरा भारत घुटनों के बल झुका होगा। सियालकोट में हाफिज सईद ने लोगों के जनाजे में हिस्सा लिया। पाकिस्तान का कहना है कि ये लोग सीमा पर हुई गोलीबारी में भारत के हाथों मारे गए थे। इनके जनाजे पर सईद ने भडक़ाऊ भाषण दिया। हाफिज का आरोप है कि भारत ने पाकिस्तान को जंग का मैदान बना दिया है।