नई दिल्ली - देश की राजधानी में कैदियों को ले जाने वाली एक जेल वैन में हुई गैंगवार में मंगलवार को दो कैदियों की मौत हो गई, जबकि पांच घायल हो गए। इन कैदियों को रोहिणी कोर्ट से तिहाड़ जेल ले जाया जा रहा था। दो अलग-अलग गैंग के कैदियों के बीच यह मुठभेड़ हुई। घायलों को पीतमपुरा के महावीर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तिहाड़ जेल में पहले भी गैंगवार के मामले सामने आ चुके हैं।
12 अगस्त को तिहाड़ जेल के हाई सिक्योरिटी वार्ड में रह रहे एक कैदी की उसके वार्ड में ही बंद चार कैदियों ने रॉड और ग्रिल से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। 11 मई, 2015 को एक ऐसा ही मामला सामने आया था। तीन कैदियों ने तिहाड़ जेल में हत्या के एक आरोपी को कथित तौर पर मार डाला था। इससे पहले, अप्रैल महीने में तिहाड़ जेल नंबर-1 में बंद रविंदर पर पांच कैदियों ने चाकुओं से हमला बोल दिया था। बाद में उसकी अस्पताल में मौत हो गई थी।