इलाहाबाद - कमिश्नर की जरा सी डांट पर महिला आईएएस अधिकारी बेहोश हो गई। जब उनको होश आया तो उन्होंने कमिश्नर पर बदतमीजी का आरोप लगा दिया। मामला यूपी के इलाहाबाद का है, यहां की एक सीनियर महिला आईएएस ने इलाहाबाद के कमिश्नर राजन शुक्ल पर बदतमीजी करने का आरोप लगाया है। आईएएस अधिकारी कनकलता त्रिपाठी के मुताबिक, सोमवार को वह एक मीटिंग के लिए कमिश्नरेट ऑफिस आई थीं। इसी दौरान एक फाइल को लेकर कमिश्नर अचानक उन पर नाराज हो गए और डांटने लगे। कनकलता का कहना है कि कमिश्नर ने उन्हें अपशब्द कहे और उनके साथ गलत बर्ताव किया। जिसके कारण बह बेहोश होकर गिर गई। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जब उन्हें होश आया तो उन्होंने कमिश्नर पर आरोप लगाए। कनकलता त्रिपाठी इलाहाबाद में एडिशन कमिश्नर का पद पर तैनात हैं। कनकलता का आरोप है कि कमिश्नार राजन शुक्ल उन्हें अपमानित करने के लिए अकसर डांटते हैं और अपशब्दों का इस्तेमाल करते हैं। इस मामले पर कमिश्नर शुक्ल ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि कनकलता का आरोप बेबुनियाद है, "मुझे पता चला है कि उन्होंने मुझ पर इस तरह का आरोप लगाया है। मैं तो तीन दिन की छुट्टी के बाद आज सुबह ही लौटा हूं। एक मीटिंग होनी थी, जिसमें कनकलता त्रिपाठी भी शामिल होने आई थीं। उन्होंने एक फाइल पेश की थी, जो अधूरी थी। इस पर मैंने पूछा कि फाइल अधूरी क्यों है। इस मामले में जो भी दोषी हैं, क्या उनके खिलाफ कोई कार्रवाई की गई ? इतना पूछने पर ही वह बेहोश हो गई और होश में आने पर ये आरोप लगा रही हैं।