जयपुर - स्कूल बस से गिरकर घायल हुए एक बच्चे की अस्पताल में मौत हो गई। उसके पिता ने स्कूल बस चालक के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। हादसा बगरू इलाके में हुआ है। पुलिस ने इस मामले में स्कूल बस चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार बगरु इलाके में नसिया के पास रहने वाले सुनील जैन का बेटा वैभव जैन गुरुवार दोपहर स्कूल से लौटकर घर के बाहर स्कूल बस से उतर रहा था।
इसी दौरान स्कूल बस चालक ने बस चला दी और बाद में बस के बे्रक भी लगा दिए। वैभव का बैलेंस बिगड़ा और वह सिर के बल सड़क पर आ गिरा। उसे गंभीर घायल अवस्था में उसके पिता और अन्य लोगों ने अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार वैभव बगरू में स्थित माहेश्वरी स्कूल में दूसरी कक्षा में पढ़ता था।