लखनऊ - समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव ने एक बार फिर रेप पर विवादास्पद बयान दिया है। मुलायम ने कहा है कि एक महिला से एक साथ चार पुरुष रेप कर ही नहीं सकते। रेप एक व्यक्ति करता है, लेकिन मुकदमा तीन और के खिलाफ भी दर्ज होता है। मुलायम के बयान को महिला विरोधी बताते हुए देश में कई जगह उनका विरोध होना शुरू हो गया है। लखनऊ में रिक्शा चालकों को मुफ्त ई-रिक्शा वितरण समारोह के दौरान मुलायम सिंह ने यह बात कही।
उन्होंने कहा कि रेप एक ने किया और चार का नाम लिखा दिया। क्या ऐसा हो सकता है कि चार एक साथ रेप करें, प्रैक्टिकल है क्या। बदायूं मामले में सीबीआई जांच करा दी और क्या मिला, सिर्फ झूठ। हिंदोस्तान के बड़े-बड़े नेता आ गए कि चलो बदायूं, सोनिया जी का बेटा भी आ गया। सीबीआई की जांच में सामने आया कि रेप हुआ ही नहीं था। चचेरे भाई ने जमीन के विवाद को लेकर हत्या की थी। हम बोल रहे थे कि रेप नहीं हुआ, लेकिन कोई नहीं माना। सरकार को बदनाम करने के लिए बहुत सी साजिश हुई। मुलायम ने दूसरे राज्यों का हवाला देकर यूपी को रेप के मामले में कम खतरनाक राज्य बताया।
मुलायम ने कहा कि भाजपा शासित मध्य प्रदेश में नौ फीसदी, जबकि राजस्थान में रेप का प्रतिशत सात के ऊपर है। इसकी तुलना में उत्तर प्रदेश में रेप का औसत दो फीसदी है, फिर भी राज्य सरकार के खिलाफ दुष्प्रचार चल रहा है। गौरतलब है कि हाल ही में नेशनल क्राइम रिकार्ड्स ब्यूरो के आंकड़ों में कहा गया था कि साल 2014 में देशभर में 2300 गैंग रेप के मामले सामने आए, जिनमें से अकेले 570 मामले उत्तर प्रदेश के हैं। मुलायम इन आंकड़ों को यूपी की छवि खराब करने का षड्यंत्र मानते हैं और इसी के चलते उन्होंने यह विवादित बयान दिया है।