मुंबई - देश में मानसूनी बारिश में दस फीसदी की कमी आई है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने कहा है कि अल नीनो के बढ़ते प्रभाव के कारण देश में छह सालों में पहली बार सूखे का खतरा पैदा हो गया है। जून-सितंबर महीने में होने वाली मानसूनी बारिश पर देश की किसानों की कमाई निर्भर करती है, क्योंकि आधे से ज्यादा खेतों में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध नहीं है। हालांकि देश की दो खरब की इकोनॉमी में खेती का योगदान महज 15 फीसदी ही है, लेकिन 125 करोड़ की आबादी में वाले देश में आधी जनसंख्या अपनी आजीविका के लिए खेती पर निर्भर है। मौसम विभाग के एक कर्मचारी ने कहा कि देश के ज्यादातर हिस्सों में इस हफ्ते बारिश में कमी बने रहने की संभावना है, जिससे गर्मियों में बोई गईं फसलों, जैसे कि कपास, दालें, धान और तेल के बीज उत्पादन को लेकर चिंता बढ़ गई है।