जम्मू - पाकिस्तान सेना की ओर से संघर्ष विराम का उल्लंघन करके जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिला में नियंत्रण रेखा पर शनिवार से लगातार जारी गोलाबारी और फायरिंग में अब तक एक महिला और एक बच्चे समेत छह आम नागरिकों की मौत हो गई, जबकि 40 से ज्यादा घायल हो गए। रक्षा प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि पाकिस्तान सेना ने शनिवार रात साढ़े 12 बजे से सीमा पर स्थित गांवों के रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर 82 एमएम के मोर्टार से गोले बरसाने शुरू कर दिए। पुंछ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जेएस जोहर ने बताया कि शनिवार से जारी फायरिंग में छह नागरिकों की मौत हुई है, जबकि छह घायल हो गए हैं।
रविवार सुबह एक महिला की मौत हो गई। मृतकों में नेशनल कान्फ्रेंस के सरपंच भी शामिल हैं। पुलिस ने घायलों की संख्या 12 बताई है। हालांकि अपुष्ट खबरों में घायलों की संख्या 22 बताई गई है। राज्य में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस की शुरुआत पाकिस्तान की फायरिंग से हुई। पाकिस्तान ने बिना उकसावे की कार्रवाई करते हुए जिला के मेंढर के बालाकोट सेक्टर में फायरिंग शुरू की जो सौजियान और मंडी इलाकों तक फैल गई। इस बार उसने जिला के रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया, जिसमें अग्रिम गांवों के लोग हताहत हुए। लोगों को घरों के अंदर रहने की हिदायत दी गई है। इस बीच, प्रदेश कांग्रेस ने बेगुनाह आम नागरिकों को निशाना बनाने के लिए पाकिस्तान की कड़े शब्दों में निंदा की। उधर, भारत के गृह मंत्रालय ने पाकिस्तानी उच्चायुक्त को तलब कर पाकिस्तान की सेना की इस हरकत पर कड़ा विरोध दर्ज करवाया है और पाकिस्तान को सीमा पर संयम में रहने की सलाह दी है।