मुंबई - तहलका पत्रिका ने अपने कवर पेज पर एक तस्वीर छाप कर बवाल मचा दिया है। इस अंक में दिवंगत शिवसेना सुप्रीमो बाला साहेब ठाकरे और आतंकवादी याकूब मेमन की तस्वीरों को एक साथ दिखाया गया। वहीं, तहलका के इस अंक के खिलाफ महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई है। मनसे का आरोप है कि तहलका ने अपने लेख में बाला साहब ठाकरे की छवि को एक आतंकवादी की तरह पेश किया गया है, जिससे उनकी भावनाएं आहत हुई हैं।
तहलका का ताजा अंक मुंबई हमले के आरोप याकूब मेमन पर आधारित था। इस अंक के कवर पेज पर ठाकरे और याकूब की तस्वीरों को एक साथ दिखाकर लिखा गया था कि क्या आंतकवाद को लेकर हमारा नजरिया दोहरा है। वहीं महाराष्ट्र डीसीपी महेश पाटिल ने बताया कि हम इस मामले में जो भी संभव होगा, कदम उठाएंगे। वहीं तहलका के अंग्रेजी अंक में बाल ठाकरे को मेमन के अलावा खालिस्तानी आतंकी भिंडरावाला और दाऊद इब्राहिम के साथ दिखाया गया है। मनसे कार्यकर्ता बाला नंदगांवकर ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि तहलका पत्रिका पर तुरंत प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए। इस पत्रिका ने दो संस्कृतियों के बीच दरार पैदा करने की कोशिश की है। पत्रिका के संपादक को भी तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए।