नई दिल्ली – स्वघोषित देवी मां की अवतार राधे मां पर रोजाना कोई न कोई नया केस दर्ज कराया जा रहा है। दहेज प्रताडऩा के आरोप में फंसी राधे मां पर लुधियाना में मां दुर्गा के अपमान का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करवाई गई है। उनके खिलाफ जानबूझ कर धार्मिक भावना को आहत करने का आरोप लगा है। लुधियाना के दो व्यक्तियों अश्विनी कुमार और धीरज शर्मा का आरोप है कि राधे मां खुद को देवी का अवतार बताती हैं और मिनी स्कर्ट पहनती हैं, इससे मां दुर्गा का अपमान हुआ है।
उनका आरोप है कि राधे मां ऐसा जानबूझकर करती हैं। उन्होंने कहा कि राधे मां के मिनी स्कर्ट पहनने से हमारी धार्मिक भावना को ठेस पहुंची है। बालीवुड सिंगर सोनू निगम विवादास्पद धर्मगुरु राधे मां के बचाव में उतर आए हैं। उन्होंने रविवार को राधे मां के समर्थन में ट्वीट्स में उन्होंने कपड़ों के आधार पर राधे मां पर किए जा रहे कटाक्ष का जवाब दिया और राधे मां के बजाय उनके अनुयायियों पर मुकदमा चलाने की बात कही। अपने पहले ट्वीट में उन्होंने लिखा है कि काली मां को तो राधे मां से भी कम कपड़ों में दर्शाया गया है। अजीब बात है कि यह देश कपड़ों की वजह से एक महिला पर मुकदमा चलाना चाहता है।
अपने दूसरे ट्वीट में सोनू निगम ने लिखा है कि पुरुष साधु नग्न घूम और डांस कर सकते हैं, लेकिन रेप के आरोपों के बाद ही उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाता है। क्या यह लैंगिक समानता है? राधे मां के समर्थन में किए अपने तीसरे ट्वीट में सोनू ने लिखा है कि मुकदमा चलाना चाहते हैं, अनुयायियों पर मुकदमा चलाइए। अपने आप पर मुकदमा चलाइए। महिलाओं और पुरुषों को धर्मगुरु बनाने के लिए। महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग नियम, यह अच्छा नहीं है।