मुंबई - खुद को देवी बताने वाली राधे मां से शुक्रवार को कांदिवली पुलिस स्टेशन पर लगभग पांच घंटे तक पसीने छुड़ाने वाली पूछताछ हुई। दहेज उत्पीडऩ मामले में राधे मां से 70 सवाल पूछे गए। राधे मां आंखों पर बड़े गॉगल्स चढ़ाए और हाथ में त्रिशूल लिए पुलिस स्टेशन पहुंची थी। जब राधे मां पुलिस के सवालों का सामना कर रही थी, तभी बाम्बे हाई कोर्ट ने उन्हें दो हफ्तों के लिए अग्रिम जमानत दे दी।
इसका मतलब यह हुआ कि अगले दो हफ्तों तक पुलिस उन्हें अरेस्ट नहीं कर सकती है, लेकिन राधे मां को हर हफ्ते बुधवार को 11 बजे दिन में और दोपहर बाद एक बजे पुलिस स्टेशन आना होगा। 32 साल की एक महिला ने आरोप लगाया है कि राधे मां से प्रभावित होकर उसके पति के परिवार वालों ने मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताडि़त किया है। 50 साल की राधे मां ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। राधे मां का कहना है कि उस महिला ने आरोप इसलिए लगाया है, क्योंकि उसके ससुराल वाले मेरे भक्त हैं।