नई दिल्ली - कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता तथा राज्यसभा में पार्टी के उपनेता आनंद शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला करते हुए मंगलवार को कहा कि कांग्रेस नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हठधर्मिता तथा अहंकार के कारण वस्तु एवं सेवाकर (जीएसटी) विधेयक संसद में पारित नहीं हो पा रहा है। श्री शर्मा ने वित्त मंत्री अरुण जेटली के इस विधेयक को पारित नहीं होने देने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को जिम्मेदार ठहराने के आरोप पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि संसद में जारी गतिरोध के कारण यह विधेयक पारित नहीं हो रहा है और इसके लिए कांग्रेस नहीं बल्कि श्री मोदी जिम्मेदार हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री संसद चलाने के लिए गंभीर नहीं हैं और न ही वह संसद को चलने देना चाहते हैं। संसद में जो गतिरोध बना हुआ है उसके लिए श्री मोदी का अहंकार जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस विधेयक को पारित कराना चाहती है क्योंकि कांग्रेस ही इस संबंध में विधेयक लेकर आई थी, लेकिन सरकार ने इसमें कई बदलाव किए हैं जो जनहित में नहीं हैं।