नई दिल्ली - आम आदमी पार्टी (आप) के पूर्व नेता और स्वराज अभियान के संयोजक योगेंद्र यादव और उनके साथ गिरफ्तार लोगों को मंगलवार शाम रिहा कर दिया गया। श्री यादव और करीब 90 लोगों को दिल्ली पुलिस ने सोमवार रात भूमि अधिग्रहण विधेयक के विरोध में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने पर हिरासत में लिया था और मंगलवार को उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था। उन्होंने रिहा होने के बाद दिल्ली पुलिस पर आरोप लगाया कि उनके साथ पुलिस ने दुर्व्यवहार किया।
श्री यादव ने कहा कि वह अपना आंदोलन जारी रखेंगे। उनका आरोप है कि संसद मार्ग थाने के एसएचओ दिनेश कुमार ने चेतावनी दी थी कि यदि वह आंदोलन जारी रखेंगे तो उनकी पिटाई की जाएगी। जो कुछ हुआ उससे वह आश्चर्यचकित हैं। किसान केवल अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे और वह चाहते थे कि उनकी बातें सुनी जाए। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि मजिस्ट्रेट ने उनके खिलाफ जो भी आरोप लगाए गए थे, उन्हें निरस्त कर दिया गया। मुझे यह कहते हुए खुशी है कि हमारे विरुद्ध जो बेबुनियाद आरोप लगाए गए थे, उनसे हमें पूरी तरह से मुक्त कर दिया गया है।